अपराधपंजाबराजनीति

हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश; नाबालिग समेत चार व्यक्ति 7 पिस्तौल सहित गिरफ्तार।

चंडीगढ़/अमृतसर, 8 अप्रैल:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार व्यक्तियों, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को सात आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से हथियारों की तस्करी के एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदर (32), जोबनबीर सिंह उर्फ जोबन (23), दोनों निवासी गांव लद्धेवाल, अमृतसर; गांव भुसे, तरनतारन के निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लव; और एक 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में दो .30 बोर पीएक्स 5 स्टॉर्म (इटली निर्मित), दो .30 बोर पिस्तौल (इटली निर्मित), एक .30 बोर चीनी पिस्तौल, एक .30 बोर ऑस्ट्रिया निर्मित पिस्तौल और एक 9 एमएम पिस्तौल तथा 12 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस टीमों ने आरोपियों का मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि अवैध हथियारों की खेप अटारी सेक्टर में गांव भैणी और नेश्टा क्षेत्र के पास ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी।

डीजीपी ने कहा कि अपने हैंडलरों के निर्देशों पर काम करते हुए आरोपी निर्धारित स्थानों से खेप प्राप्त कर उसे आगे अपने स्थानीय सहयोगियों को सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले में आगे और पीछे के लिंक की जांच की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए बताया कि आरोपी गुरविंदर उर्फ गिंदर, जोबनबीर उर्फ जोबन और लवप्रीत उर्फ लव को छह पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान उनका चौथा साथी मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस टीमों ने तलाश जारी रखी और अगले दिन तेज कार्रवाई करते हुए उक्त नाबालिग आरोपी को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरविंदर उर्फ गिंदर और लवप्रीत उर्फ लव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं नाबालिग आरोपी के खिलाफ अमृतसर देहाती के थाना घरिंडा में आर्म्स एक्ट के तहत पहले भी एक मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से तीन पिस्तौल बरामद किए गए थे।

इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत एफआईआर नंबर 72, दिनांक 02-04-2026 दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button