
अमृतसर, 08 अप्रैल 2026 —
पंजाब सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु हलके के गांव ठठियां, फतेहपुर राजपूतां, नाजोवाली, छीना पट्टी और खानकोट में लोगों के साथ सीधा संवाद किया और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा चार वर्षों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी साझा की।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने गांव ठठियां से सुखेवाला जाने वाली सड़क की विशेष मरम्मत के कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर 27.88 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और सड़क की कुल लंबाई 1.45 किलोमीटर होगी। उन्होंने बताया कि यह काम संबंधित ठेकेदार को सौंप दिया गया है और छह महीनों के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा। इस सड़क के निर्माण से आम लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभाग और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की निगरानी सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य ने अपने नागरिकों के लिए 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा शुरू किया है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में ही छोटे-मोटे विकास कार्य करती थीं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने पहले वर्ष से ही अपनी गारंटियों को पूरा करना शुरू कर दिया था।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाते हुए 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है।
शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार करते हुए सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। साथ ही, बिना सिफारिश के बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नशों के खिलाफ अभियान चलाया गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कों का नवीनीकरण, पुलों का निर्माण और अन्य बड़े प्रोजेक्ट पूरे कर बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। इसके अलावा, 90% घरों के बिजली बिल शून्य आने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने यह साबित किया है कि अगर नीयत साफ हो तो कम समय में भी बड़े बदलाव संभव हैं। आने वाले समय में भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न गांवों के सरपंच और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।









