लोक निर्माण मंत्री ने सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा की।

चंडीगढ़, 28 अप्रैल: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज यहां पंजाब सरकार द्वारा राज्य में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए शुरू किए गए प्रयासों के तहत विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित वित्तीय और भौतिक लक्ष्यों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य की सड़कों के निर्माण संबंधी तय लक्ष्यों को हर हाल में हासिल किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 जून 2026 से पहले सड़क निर्माण संबंधी सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के कार्यों के लिए आवश्यक फंड की कोई कमी नहीं है और सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी की जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण बिटुमेन की कुछ कमी उत्पन्न हो रही है, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने इस समस्या से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि बठिंडा रिफाइनरी से लुक (बिटुमेन) की उपलब्धता न होने के कारण काम में आई रुकावट को दूर करने के लिए पानीपत, मथुरा रिफाइनरी तथा अन्य स्रोतों से बिटुमेन की सप्लाई लेने की व्यवस्था की गई है।
बैठक में विशेष सचिव लोक निर्माण श्रीमती हरगुनजीत कौर, संयुक्त सचिव श्री अमरबीर सिद्धू, इंजीनियर-इन-चीफ श्री गगनदीप सिंह, मुख्य इंजीनियर श्री अनिल गुप्ता, सभी सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर और कार्यकारी इंजीनियर उपस्थित थे।









