पंजाब

रिहर्सल के दौरान अनुपस्थित रहे चुनाव कर्मचारियों को नोटिस जारी।

तरनतारन, 24 मई : जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर Rahul ने पंजाब राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने के आदेश दिए हैं। उनके द्वारा बीती 23 मई को नगर काउंसिल पट्टी और नगर पंचायत भिखीविंड की चुनाव रिहर्सल के दौरान अनुपस्थित रहने वाले चुनाव कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

जिला चुनाव अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारी नगर काउंसिल चुनाव-कम-उपमंडल मजिस्ट्रेट पट्टी तथा रिटर्निंग अधिकारी नगर पंचायत चुनाव-कम-उपमंडल मजिस्ट्रेट भिखीविंड द्वारा अनुपस्थित रहने वाले चुनाव कर्मचारियों की सूची उनके विभागाध्यक्षों को भेजते हुए लिखा है कि संबंधित कर्मचारी चुनाव रिहर्सल के दौरान अनुपस्थित रहे हैं, जो कि गंभीर विषय है। इसलिए वे अपने अधीन आने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी करें कि वे तुरंत अपनी चुनाव ड्यूटी पर उपस्थित हों।

ऐसा न करने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी तथा उनके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की जाएगी।

उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के प्रमुख इस संबंध में रिटर्निंग अधिकारी के साथ तालमेल कर कर्मचारियों की ड्यूटी पर उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर विभाग प्रमुख की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय होगी।

जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि समूचे चुनाव अमले को पहले ही अवगत करवा दिया गया था कि रिहर्सल के दौरान अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद जो अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित रहे, उन्हें नोटिस भेजे गए हैं।

जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि आगामी 26 मई को नगर काउंसिल पट्टी और नगर पंचायत भिखीविंड की आम चुनाव प्रक्रिया के दौरान तैनात किए जाने वाले चुनाव अमले की अगली रिहर्सल 25 मई को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि इस रिहर्सल के दौरान भी कोई अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रिहर्सल के दौरान चुनाव अमले को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों संबंधी तकनीकी जानकारी दी जाती है, जिसमें शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button