राजनीति

जिला चुनाव अधिकारी नवजोत कौर और एस.एस.पी. भागीरथ सिंह मीणा द्वारा मतदान प्रक्रिया का औचक निरीक्षण।

मानसा, 26 मई: राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला मानसा की 3 नगर परिषदों — मानसा, बुढलाडा, बरेटा तथा 2 नगर पंचायतों — जोगा और बोहा में चल रही मतदान प्रक्रिया का आज जिला चुनाव अधिकारी-सह-डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर और एस.एस.पी. भागीरथ सिंह मीणा ने औचक निरीक्षण किया।

इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी नवजोत कौर ने कहा कि पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पोलिंग बूथों के अंदर बैठने तथा पीने के साफ पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने घरों से बाहर निकलें और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने पहली बार मतदान कर रहे नए मतदाताओं को लोकतंत्र में भागीदारी करने के लिए बधाई दी। साथ ही भीषण गर्मी में पूरी लगन से ड्यूटी निभा रहे सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि जिला मानसा में 137 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनके अंदरूनी और बाहरी हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और सभी पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रशासन द्वारा हर स्तर पर बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं तथा उत्साहपूर्वक मतदान कर रहे बुजुर्ग मतदाताओं का विशेष रूप से हौसला बढ़ाया।

इस मौके पर एस.एस.पी. भागीरथ सिंह मीणा ने कहा कि जिले की 3 नगर परिषदों और 2 नगर पंचायतों में चल रही मतदान प्रक्रिया का लगातार जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा सभी पोलिंग बूथों पर पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि इसके लिए करीब 800 पुलिस कर्मी, 7 डीएसपी, 2 एसपी, 19 पेट्रोलिंग पार्टियों तथा 19 रिजर्व पार्टियों की तैनाती की गई है, ताकि चुनावी क्षेत्रों में लगातार गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा अंतरराज्यीय और अंतरजिला नाकाबंदी भी की गई है।

उन्होंने कहा कि मानसा पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर और झिझक के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button