राष्ट्रीय
7.8% GDP ग्रोथ से मजबूत हुई भारत की रफ्तार, पीएम मोदी बोले-यह 140 करोड़ भारतीयों की ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की वास्तविक GDP में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि का स्वागत करते हुए इसे देश की सामूहिक ताकत का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध, वैश्विक संकट और आपूर्ति शृंखला में व्यवधान के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी ने विपक्ष पर देश में निराशा फैलाने और झूठ को दोहराने का आरोप भी लगाया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि 7.8 प्रतिशत की वृद्धि देशवासियों के संकल्प और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संकट की स्थिति है तथा आपूर्ति शृंखलाएं प्रभावित हुई हैं। कोरोना महामारी के बाद से वैश्विक स्तर पर स्थिरता भी चुनौती बनी हुई है। इसके बावजूद भारत लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है।









