कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में धमाका, 11 लोगों की मौत

कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस विस्फोट में मारे गए लोगों की पहचान प्रियांजलि (5), प्रवीण सिंह (13), जान्हवी (12), आदित्य (12), रवि (8), ज्ञान सिंह (40), आदित्य (8), अंजू (32), विक्रम सरोज (35), अंश (6) और नन्हा (4) के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि चूंकि बचाव अभियान जारी है, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है
विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के बगल से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा लाइन पर रेलगाड़ियों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था। एनडीआरफ, एसडीआरएफ, दमकल की गाड़ियां, तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मी राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। घटनास्थल के पास पहुंची अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को मनोरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया। दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके साथ ही एक घंटे तक रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका पिपरी थानाक्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास हुआ, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और वायु सेना के जवान साथ मिलकर बचाव अभियान में जुट गये। पाल ने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है
इस घटना से आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है और फैक्टरी से सटे पांच-छह घर ढह गए। जिला प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल से मनोरी वायु सेना स्टेशन लगभग दो किलोमीटर दूर है तथा बचाव अभियान में कौशांबी और प्रयागराज की वायु सेना, पुलिस और दमकल विभाग की टीम जुटी हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए सहायता की भी घोषणा की है।









