अल्काराज़ ने जीत से की वापसी, सबालेंका भी पहले दौर में बाजी मारकर दूसरे दौर में पहुंचीं

मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ ने चोट से उबरने के बाद शानदार वापसी करते हुए यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में सीधे सेटों में जीत दर्ज करके दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि महिला वर्ग में पिछली दो बार की चैंपियन एरिना सबालेंका भी आगे बढ़ने में सफल रही।
अल्काराज़ दाहिनी कलाई में चोट के कारण अप्रैल से ही बाहर थे तथा इस कारण फ्रेंच ओपन और विंबलडन में ही नहीं खेल पाए थे। स्पेन के इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने सोमवार को रोमन सफिउलिन को 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर खिताब बचाने के अपने अभियान का शानदार आगाज किया।
सबालेंका के बाद आर्थर ऐश स्टेडियम में प्रवेश करने वाले दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज़ मैच के आगे बढ़ने के साथ अधिक सहज नज़र आने लगे और उन्होंने शानदार खेल का नजारा पेश किया। उन्होंने दर्शकों से अपार समर्थन पाने के लिए अपने कान पर हाथ रखा और मैच के अंतिम गेम में एक शानदार वॉली विनर के बाद मुट्ठी हवा में लहराई।









