मनोरंजन
नासमझों को इतिहास सिखाते हैं… स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ बयान पर कंगना का करारा तंज, AI वीडियो शेयर कर साधा निशाना

बॉलीवुड की दो बेबाक अभिनेत्रियां स्वरा भास्कर और कंगना रनौत एक बार फिर आमने-सामने नजर आ रही हैं। फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के सीन को लेकर स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब कंगना रनौत ने बिना सीधे तौर पर स्वरा का नाम लिए एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘पद्मावत’ से जुड़ा एक AI एडिटेड वीडियो शेयर किया। वीडियो में रैप सॉन्ग के जरिए रानी पद्मावती का बचाव किया गया है। रैप के बोल में इतिहास सिखाने और रानी पद्मावती को कायर कहने वालों को जवाब देने की बात कही गई है। कंगना ने इस पोस्ट के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा। हालांकि, पोस्ट का कंटेंट देखकर सोशल मीडिया पर इसे स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर कंगना का अप्रत्यक्ष जवाब माना जा रहा है।









