BJYM अध्यक्ष से सोशल मीडिया चीफ तक… जानिए कौन हैं सुभाष यदुवंश जिन्हें बीजेपी ने यूपी में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी?

उत्तर प्रदेश में 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को और तेज कर दिया है. इसी कड़ी में बीजेपी ने लखनऊ से उत्तर प्रदेश के लिए अपनी नई सोशल मीडिया टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है. पार्टी ने पूर्व प्रदेश महामंत्री और वर्तमान विधान परिषद सदस्य (MLC) सुभाष यदुवंश को प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी है. इसके साथ ही टीम में 6 सह संयोजकों और 3 सदस्यों के नामों का भी ऐलान किया गया है.
डिजिटल मोर्चे पर संगठन को मजबूत करने की कवायद
2027 के चुनावी समर को ध्यान में रखते हुए बीजेपी लगातार अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है. हाल के दिनों में पार्टी ने क्षेत्रीय टीमों और अन्य संगठनात्मक पदों पर भी नई नियुक्तियां की हैं. इस नई सोशल मीडिया टीम के गठन के साथ ही बीजेपी ने डिजिटल मोर्चे पर संगठन को और अधिक सक्रिय करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है. नई टीम की मुख्य जिम्मेदारी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पार्टी के कार्यक्रमों, गतिविधियों और अभियानों को जन-जन तक पहुंचाना और पार्टी की पहुंच को बढ़ाना होगी.
अनुभवी संगठनात्मक चेहरा हैं सुभाष यदुवंश
प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी बनाए गए सुभाष यदुवंश बीजेपी के पुराने और अनुभवी संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं. वे भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके बाद वर्ष 2022 में वे विधान परिषद सदस्य (MLC) चुने गए थे. वर्ष 2023 में पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश बीजेपी में प्रदेश महामंत्री का अहम दायित्व सौंपा था. अब वे नई टीम के साथ प्रदेश स्तर पर पार्टी के तमाम डिजिटल अभियानों और गतिविधियों की कमान संभालेंगे.









