बिहारराज्य

मधेपुरा में ऑनर किलिंग: प्रेम-प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी की हत्या कर शव नदी में बहाया, छोटी बहन ने खोला राज

शंकरपुर थाना क्षेत्र के गोरराहा वार्ड संख्या चार निवासी दिनेश कुमार यादव ने अपनी 15 वर्षीया पुत्री की सोते समय दाब (दबिया) से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को बेहरारी गांव के पास ले गया और नदी में बहा दिया।

7 अक्टूबर की रात घटी इस घटना के बाद हत्यारे पिता ने 11 अक्टूबर को शंकरपुर थाना में बेटी की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने बताया कि उसकी पुत्री घास लाने गई थी और वहीं से लापता हो गई।

पुलिस की जांच तेज हुई तो पिता घर छोड़कर भाग निकला। इस बीच जब पुलिस ने परिजनों से सख्ती से पूछताछ की, तो छोटी बहन ने पूरी सच्चाई उगल दी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पिता दिनेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

छोटी बहन ने बताया हत्या का सच:

थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार, रविवार को दिनेश कुमार यादव ने अपनी 15 वर्षीया पुत्री की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। शुरुआती जांच में परिजनों के बयानों में विरोधाभास मिला।

लापता नाबालिग की मां, छोटी बहन और अन्य लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान गुमशुदा की छोटी बहन ने बताया कि पिता ने ही उसकी बड़ी बहन की हत्या की है।

खून से सने कपड़े और जूट का बोरा नदी किनारे जलाया:

बेटी की गुमशुदगी का केस दर्ज कराने के बाद फरार दिनेश कुमार यादव को जब पुलिस ने पकड़ा, तो उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसकी बेटी का एक लड़के से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसकी चर्चा पूरे गांव में फैल चुकी थी।

लोक-लज्जा के डर से उसने 7-8 अक्टूबर की मध्य रात्रि में घर में सो रही पुत्री की दाब से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जूट के बोरे में बांधा और मोटरसाइकिल से ले जाकर बेहरारी के पास नदी में बहा दिया। उसने खून से सने बिस्तर, अपने कपड़े और बेटी के कपड़े भी जला दिए थे।

छोटी बेटी ने देख लिया था बड़ी बहन का गला काटते हुए:

हत्यारे पिता ने बताया कि बड़ी बेटी का गला काटते समय छोटी बेटी ने उसे देख लिया था। इस कारण उसने उसे डरा-धमकाकर नानी के घर भेज दिया, लेकिन जब ग्रामीणों को इस बात की भनक लगने लगी, तो उसने थाने में गुमशुदगी का झूठा केस दर्ज करा दिया।

शव और हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश में जुटी पुलिस:

मंगलवार शाम को प्रेस वार्ता में ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने बताया कि बेटी की हत्या कर शव छिपाने के आरोपी दिनेश कुमार यादव (पिता: देवनारायण यादव) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

मृतका के शव और घटना में प्रयुक्त दाब की बरामदगी के लिए गोताखोरों की टीम की मदद ली जा रही है। घटना में शामिल तथा शव छिपाने में सहयोग करने वाले अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: दिनेश कुमार (उम्र लगभग 35 वर्ष), पिता: देवनारायण यादव, निवासी: गोरराहा (वार्ड नंबर-04), थाना: शंकरपुर, जिला: मधेपुरा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button