फराह बलूच ने भारत को दिवाली की शुभकामनाएं, बलूचिस्तान में लापता लोगों पर जताई चिंता

बलूचिस्तान (पाकिस्तान), 8 नवंबर (भाषा) युवा बलूच कार्यकर्ता फराह बलूच ने भारत के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बलूचिस्तान के लोगों को आजादी के संघर्ष में उनका समर्थन करने की भावनात्मक अपील की है।
दिवाली के अवसर पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में, फराह अपनी मां और भाई के साथ भारतीयों को उत्सव की शुभकामनाएं देने के लिए दिखाई दीं और विशेष रूप से प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए बलूचिस्तान के लोगों के लिए भारत का समर्थन मांगा।
“नमस्ते इंडिया। आज, मैं, फराह बलोच, आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए अपनी मां और अपने भाई के साथ आपके सामने खड़ी हूं। सर नरेंद्र मोदी जी को मेरी विशेष शुभकामनाएं।
भारतीय प्रधानमंत्री से सीधी अपील करते हुए फराह ने उनसे बलूचिस्तान के लोगों की आवाज बनने और उनके लिए मदद और समर्थन देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘मैं सर नरेंद्र मोदी जी से अनुरोध और अपील करती हूं कि वह हमारी आवाज बनें, हमारी मदद करें और बलूचिस्तान के लोगों का समर्थन करें।
बलूच लोगों की शिकायतों को रेखांकित करते हुए फराह ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने उनके साथ नागरिकों के बजाय गुलाम की तरह व्यवहार किया है और कहा कि क्षेत्र के लोग अब पाकिस्तानी शासन के अधीन नहीं रहना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘बलूचिस्तान के लोग अपने ही देश में गुलामों की तरह रह रहे हैं। पाकिस्तान ने हमें कभी अपना नागरिक नहीं माना। उन्होंने हमेशा हमें अपना गुलाम माना है। हम अब मुक्त होना चाहते हैं। हम पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते हैं।
भारत के समर्थन में विश्वास व्यक्त करते हुए, युवा कार्यकर्ता ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत बलूचिस्तान के लोगों को स्वतंत्रता हासिल करने में मदद करेगा।
भारत में त्योहारों के जश्न और बलूचिस्तान की स्थिति के बीच तुलना करते हुए फराह ने कहा कि भारत में लोग अपने प्रियजनों के साथ दिवाली और ईद मनाने के लिए भाग्यशाली हैं, जबकि बलूचिस्तान में परिवार लापता लोगों के मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हिंदुस्तान के लोग अपने प्रियजनों के साथ दिवाली और ईद मनाने के लिए बहुत भाग्यशाली हैं। लेकिन बलूचिस्तान के लोग बदकिस्मत हैं। क्योंकि ईद पर भी हम क्वेटा प्रेस क्लब के सामने अपने लापता प्रियजनों के लिए विरोध प्रदर्शन करते हैं।
उनकी टिप्पणी ने बलूच कार्यकर्ताओं और परिवारों द्वारा जबरन गायब होने और लापता रिश्तेदारों के बारे में जानकारी मांगने वाले विरोध प्रदर्शनों पर उठाई गई चिंताओं को उजागर किया।
अपने संदेश का समापन करते हुए फराह ने एक बार फिर भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और ‘बलूचिस्तान आजाद करो’, ‘बलूचिस्तान जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ बलूच स्वतंत्रता आंदोलन के लिए अपना समर्थन दोहराया।









