अंतर्राष्ट्रीय

Gold Mine Accident: सूडान में सोने की खदान ढहने से 11 की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Gold Mine Accident: उत्तर-पूर्वी सूडान में सोने की एक खदान की सुरंग ढहने से कम से कम 11 खनिकों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए। एक सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी। मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को हुई। यह देश में सोने की अनौपचारिक खदान की सुरंग ढहने की एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। सूडान में इस तरह की हजारों छोटी और अनौपचारिक खदानें हैं।

देश के पश्चिमी हिस्से में पिछले रविवार को सोने की एक अन्य खदान की कई सुरंगें ढहने से कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई थी। यह इलाका अर्धसैनिक ‘रैपिड सपोर्ट फोर्स’ (आरएसएफ) के नियंत्रण में है जो तीन साल से अधिक समय से सूडानी सेना से लड़ रही है।

सरकारी स्वामित्व वाली ‘सूडानी मिनरल रिसोर्सेज कंपनी’ के एक अधिकारी ने अपना नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि रविवार तक 11 शव बरामद कर लिए गए और 30 लोगों को बचाया गया। अधिकारी ने बताया कि लापता लोगों की तलाश जारी है।

कंपनी ने एक बयान जारी कर खदान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की लेकिन उसने हताहतों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। सोना उत्पादक देश सूडान में सुरक्षा मानकों का व्यापक रूप से पालन नहीं किए जाने के कारण खदान की सुरंगें ढहने की जानलेवा घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button