बिहारराज्य

PNG नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर होगी कार्रवाई, LPG कनेक्शन होगा ब्लॉक; Bihar GAIL का ऑर्डर

पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद इसका कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए अब विशेष अभियान चलाया जाएगा। बिहार गेल की ओर से सोसायटियों में 10 दिवसीय विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

शिविर में अपंजीकृत उपभोक्ताओं को तत्काल पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए पंजीकरण कराया जाएगा। वहीं, जिन उपभोक्ताओं के घर में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, उन्हें अपना एलपीजी कनेक्शन निलंबित कराकर पीएनजी गैसीफिकेशन कराने के लिए कहा जाएगा।

बिहार गेल के जीएम एके सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को गैस के लिए एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं ने अब तक पीएनजी के लिए पंजीकरण नहीं कराया है। ऐसे उपभोक्ताओं को जागरूक करने के साथ पंजीकरण की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध कराई जाएगी।

पीएनजी उपलब्ध, फिर भी पंजीकरण नहीं तो एलपीजी होगा ब्लॉक

एके सिंह ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के क्षेत्र में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है और वे जानबूझकर पंजीकरण नहीं कराते हैं, उनके एलपीजी कनेक्शन को ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इससे पहले उपभोक्ताओं को पंजीकरण कराने के लिए जानकारी और पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।

सोसायटी में ही होगा पंजीकरण

विशेष शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। सोसायटी परिसर में ही गेल की टीम पहुंचेगी और पीएनजी पंजीकरण, कनेक्शन तथा गैसीफिकेशन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराएगी।

उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का भी प्रयास होगा। शिविर की जानकारी के लिए 9211982026 पर संपर्क किया जा सकता है।

एलपीजी कनेक्शन निलंबित कराना होगा

पीएनजी कनेक्शन लेने वाले एलपीजी उपभोक्ताओं को अपना एलपीजी कनेक्शन निलंबित कराने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

गेल अधिकारियों के अनुसार, पीएनजी को बढ़ावा देने के साथ दोहरी गैस व्यवस्था से बचने और उपलब्ध पाइपलाइन सुविधा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button