अंतर्राष्ट्रीय

Ukraine Russia War: ‘शी चिनफिंग को साथ लाएं…’, जेलेंस्की ने ट्रंप से क्यों मांगी चीन की मदद?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आज कहा कि उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रूस के आक्रमण को समाप्त कराने के लिए चीन की मदद लेने का आग्रह किया है। उन्होंने ट्रंप से चीन के नेता को सहयोग के लिए सहमत करने का आग्रह किया है, ताकि बीजिंग रूस पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए यूक्रेन में साढ़े चार साल से जारी युद्ध समाप्त कराने के लिए कूटनीतिक प्रयास करे।

उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक ट्रंप की चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ हुई बातचीत को लेकर व्हाइट हाउस से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है, लेकिन उन्हें इसके नतीजे की जानकारी मिलने की उम्मीद है। यूक्रेन की रक्षा के लिए अधिक अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के इच्छुक जेलेंस्की इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा के साथ-साथ अमेरिका की यात्रा पर थे। उन्होंने मंगलवार को ट्रंप से मुलाकात की थी।

जेलेंस्की ने संदेशों में अमेरिका यात्रा के बारे में और जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन अमेरिका, यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडलों के बीच त्रिपक्षीय बैठक कराने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेन उन बैठकों के लिए अमेरिका की ओर से तारीख प्रस्तावित किए जाने का इंतजार कर रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने इन वार्ताओं के लिए स्थान के रूप में संयुक्त अरब अमीरात का सुझाव दिया है।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने शुक्रवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में हुई अपनी बैठक के दौरान निकट भविष्य में ऐसी बैठक आयोजित करने को लेकर सहमति जताई थी। पेस्कोव ने कहा कि फिलहाल मैं आपको कोई विशेष जानकारी नहीं दे सकता। जेलेंस्की ने अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की तथा कहा कि उन्होंने पिछले महीने मॉस्को के खिलाफ कड़े प्रतिबंधों वाले विधेयक को पारित कराने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने अमेरिका में भारत, तुर्किये, मिस्र और अन्य देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं, जो काला सागर में निर्बाध पोत परिवहन मार्ग चाहते हैं। इन नेताओं की रूसी अधिकारियों से भी बातचीत होने वाली थी। इस बीच, अधिकारियों ने कहा कि रूस की ओर से यूक्रेन पर रातभर और शुक्रवार को किए गए हवाई हमलों में चार लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।

वहीं, रूसी अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेन की ओर से किए गए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के आठ क्षेत्र हमले की चपेट में आए। अधिकारियों के अनुसार, रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर लगातार चौबीसों घंटे हमले जारी रखे, जिसमें 14 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई और कम से कम सात लोग घायल हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button