दिल्ली में एक और निर्भया कांड : चलती बस में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप

दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में एक स्लीपर बस में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पुलिस ने बस चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित ने बारिश में उनसे मदद मांगी थी। घटना चार अगस्त की रात की है, जब उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के रहने वाली पीड़ित नोएडा में रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक, तीन अगस्त को उसकी मां ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर चार अगस्त उसने घर छोड़ दिया था। वह नोएडा सेक्टर 63 के लिए बस में चढ़ी, जहां उसका करीबी रिश्तेदार रहता है।
लड़की ने पुलिस को बताया कि नोएडा में भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह गलती से परी चौक पर उतर गई। तभी उसने वहां से आ रही एक बस को रुकने का इशारा किया। बस रुकी, लेकिन अंदर कोई यात्री नहीं था। परिचालक ने उसे बताया कि वे नोएडा सेक्टर 63 की ओर जा रहे हैं, जिसके बाद वह स्लीपर बस में चढ़ गई। बस चलने के तुरंत बाद, परिचालक ने कथित तौर पर उसकी तरफ अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए।









