नेपाल में फंसे 6 भारतीय पर्यटक, बचाव कार्य जारी

नेपाल के शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय उद्यान इलाके में भारी बर्फबारी के कारण शनिवार दोपहर से दो महिलाओं सहित छह भारतीय पर्यटक फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने के प्रयास जारी हैं।
पर्यटक काठमांडू से लगभग 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में शे फोक्सुंडो ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड नंबर 8 के ढो क्षेत्र में गए थे। डोल्पा के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) जूनू ढकाल ने बताया कि यह इलाका भारी बर्फबारी से ढका हुआ है।
ग्रामीण नगर पालिका में स्थित शे फोक्सुंडो झील नेपाल की सबसे गहरी झील है। यह 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसकी अनुमानित गहराई 145 मीटर है।
उन्होंने कहा, ‘हमने उस इलाके का पता लगा लिया है जहां वे फंसे हुए हैं और सेना का एक हेलीकॉप्टर उन्हें बचाने के लिए आ रहा है। हमें उम्मीद है कि हम उन्हें जल्द ही बचा लेंगे।
हालांकि, प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण रविवार को नेपाली सेना के एक हेलीकॉप्टर को घटनास्थल पर उतरने से रोक दिया गया था, जिसके बाद बचाव कार्य सोमवार तक रोक दिए गए थे।
जिला पुलिस कार्यालय डोल्पा के प्रवक्ता पुलिस निरीक्षक बिनया सिंह ने बताया कि खराब मौसम के कारण सेना के हेलीकॉप्टर को बिना उतरे वापस लौटना पड़ा।
सिंह ने कहा कि स्थानीय प्रशासन अब फंसे हुए पर्यटकों को बचाने के लिए सोमवार को एक निजी एयरलाइन सिमरिक एयर का एक हेलीकॉप्टर भेजने की योजना बना रहा है।
नेपाल के ऑनलाइन खबर समाचार पोर्टल की एक रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले, सुर्खेत में तैनात नेपाली सेना के एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद बचाव अभियान में देरी हुई थी।
फंसे हुए पर्यटकों के बारे में अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह से ही सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। सिंह ने कहा कि उन्होंने उस क्षेत्र का पता लगा लिया है जहां समूह फंसा हुआ है, लेकिन उनके साथ संवाद स्थापित नहीं किया जा सका है क्योंकि यह क्षेत्र बर्फ से ढका हुआ है।
डोल्पा के सीडीओ ढकाल ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों और उनके साथ मौजूद नेपाली गाइड की चेतावनी के बावजूद भारतीय पर्यटक इलाके में आ गए।
मुख्य जिला अधिकारी ने आगे कहा कि पर्यटक गाइड को छोड़कर भारी बर्फबारी के बावजूद झील क्षेत्र की ओर बढ़ गए। शनिवार रात को उनके साथ संपर्क बाधित हो गया था।
उन्होंने बताया कि गाइड ने शनिवार शाम को डोल्पा में जिला प्रशासन कार्यालय से संपर्क किया और कहा कि भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक फंस गए होंगे। हालांकि, रविवार सुबह संचार पूरी तरह से बाधित हो गया।
ढकाल ने कहा, ‘हम यह नहीं कह सकते कि वे लापता हैं, क्योंकि हमने इलाके का पता लगा लिया है।
डोल्पा में जिला प्रशासन कार्यालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पर्यटकों की पहचान मौमिता हलदर, पियाली कोले, जजला त्रिवेदी कुमार, आदित्य सिंघा, दीपलीना बिशवास और राजेश डे के रूप में की गई है।
नेपाल के हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फ में पर्यटकों का फंसना कोई अभूतपूर्व बात नहीं है। अक्टूबर 2025 में, मस्टैंग की हिडन वैली में भारी बर्फ में फंसने के बाद तीन ब्रिटिश महिलाओं सहित 15 ट्रेकर्स को बचाया गया था।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले साल नवंबर में, दो नेपाली पर्यटकों को मस्टैंग-डोल्पा सीमा के पास बर्फ में फंसे होने के बाद हेलीकॉप्टर द्वारा बचाया गया था।






