बिहारराज्य

पटना में ‘स्कूटी दीदी’ से बदसलूकी और मारपीट, गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूटी से गश्त करने निकलीं ‘स्कूटी दीदी’ को ड्यूटी के दौरान किस तरह की परेशानी और जोखिम का सामना करना पड़ता है, इसका उदाहरण बुधवार देर शाम खेमनीचक के सुभाष चौक पर देखने को मिला।

जहां सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहीं महिला पुलिसकर्मियों के साथ ही युवकों ने अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर एक महिला पुलिसकर्मी से हाथापाई कर दी गई।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक महिला पुलिसकर्मी से हाथापाई करते हुए नजर आया। इसमें वह पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ते हुए देखा जा रहा है।

बताया जाता है कि महिला सब इंस्पेक्टर महिला पुलिसकर्मियों की टीम के साथ स्कूटी से इलाके में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवकों के सड़क किनारे मौजूद होने की सूचना मिली।

टीम वहां पहुंची तो युवकों ने कथित तौर पर महिला पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी शुरू कर दी। एक पुलिसकर्मी ने विरोध करते हुए स्कूटी रोककर युवकों से बात करने की कोशिश की।

इसी दौरान विवाद बढ़ गया और एक युवक ने उसके साथ हाथापाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से महिला पुलिसकर्मियों के सामने स्थिति संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया।

सूचना पर अन्य महिला पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस आरोपित युवकों की पहचान में जुटी है। इस मामले में रामकृष्णा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तारी की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महिला पुलिसकर्मियों को सौंपी गई स्कूटी

महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ पहल के तहत महिला पुलिसकर्मियों को 47 सौ स्कूटी और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई गई हैं।

इसका उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर मनचलों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button