उत्तर प्रदेशराज्य

फिरोजाबाद में गर्म खीर गिरने से एक ही परिवार के 10 लोग झुलसे, नवरात्रि के भंडारे में जाते वक्त पलटा ई-रिक्शा

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से नवरात्रि के पावन पर्व पर एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मडुआ गांव से बेहड़ माता मंदिर में भंडारे के लिए गर्म खीर लेकर जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया. रास्ते में ई-रिक्शा अचानक पलट गया जिससे भगोने में भरी खौलती हुई गर्म खीर उसमें बैठे यात्रियों के ऊपर गिर गई. इस भयानक हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कैसे हुआ हादसा?

परिवार के लोग अपने घर पर खीर तैयार कर ई-रिक्शा में सवार होकर बेहड़ माता मंदिर में भंडारा करने जा रहे थे. रास्ते में संतुलन बिगड़ने के कारण ई-रिक्शा अचानक पलट गया. ई-रिक्शा पलटते ही उसमें रखा गर्म खीर का बड़ा भगोना यात्रियों पर आ गिरा. इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा -तफरी का माहौल पैदा हो गया.

एक ही परिवार के 10 लोग झुलसे, जिनमें 5 बच्चे शामिल

फिरोजाबाद के जिलाधिकारी (DM) संतोष कुमार शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में कुल 10 लोग झुलसे हैं जिनमें 5 छोटे बच्चे भी शामिल हैं. ये सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं. हादसे के बाद तुरंत सभी घायलों को फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया  जहां उनका इलाज चल रहा है.

डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों से मिलकर उनके उपचार की स्थिति का जायजा लिया. जिला प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज कराया जाए ताकि उन्हें जल्द से जल्द राहत मिल सके

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button