बिहारराज्य

बिहार विधान परिषद चुनाव में भाजपा का एक्शन, दो बागियों को 6 साल के लिए पार्टी से किया निलंबित

विधान परिषद चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के विरुद्ध बगावत करने वाले दो कार्यकर्ताओं को भाजपा ने पार्टी से छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है।

कार्रवाई के दायरे में आए दोनों कार्यकर्ता सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें सारण के राहुल सिंह एवं सिवान के रमेंद्र राय का नाम सम्मिलित है।

आनंद पुष्‍कर के सामने डटे मैदान में

विदित हो की एनडीए में सारण शिक्षक सीट पर जदयू के प्रत्याशी आनंद पुष्कर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार ने दोनों कार्यकर्ताओं के निलंबन से संबंधित आदेश सोमवार को जारी कर दिया।

पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कदम के जरिए भाजपा ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी के निर्णय और अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध जाकर चुनाव लड़ने वालों को संगठन में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पार्टी के इन दोनों नेताओं के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने से संगठन के भीतर अनुशासन को लेकर सवाल उठे थे। चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ अपने ही नेताओं के मैदान में उतरने से आधिकारिक उम्मीदवारों के समीकरण प्रभावित होने की आशंका रहती है।

आदित्‍य कुमार झा पर भी लटकी तलवार

ऐसे में भाजपा नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। उधर, दरभंगा में पार्टी लाइन के विरुद्ध ताल ठोकने वाले आदित्य कुमार झा पर अभी कार्रवाई की प्रतीक्षा है।

भाजपा में संगठनात्मक अनुशासन को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जाता है। पार्टी नेतृत्व लगातार कार्यकर्ताओं और नेताओं को अधिकृत प्रत्याशियों के पक्ष में काम करने का निर्देश देता रहा है।

इसके बावजूद यदि कोई नेता पार्टी के फैसले के विपरीत चुनाव लड़ता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button