राष्ट्रीय

मणिपुर के कांगपोकपी में 6 ग्रामीणों को हिरासत में लिए जाने को लेकर हिंसक प्रदर्शन

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सुरक्षा बलों द्वारा छह ग्रामीणों को कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने को लेकर कुकी समुदाय के लोगों के एक वर्ग ने हिंसक प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने बताया कि मोटबंग और आसपास के अन्य इलाकों में शनिवार रात 10 बजे से आधी रात के आसपास विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जिस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाए और सरकारी वाहनों पर पथराव किया।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि खोलां के छह ग्रामीणों को सुरक्षा बलों ने बिना कोई कारण बताए हिरासत में ले लिया। जिले के नगा बहुल चावांगकिनिंग गांव के करीब स्थित खोलान पर हाल ही में हथियारबंद बदमाशों ने हमला किया था।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के कई गोले दागे, जिन्होंने मोटबंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (इंफाल से दीमापुर) के कुछ हिस्सों को भारी निर्माण उपकरणों का इस्तेमाल करके खोदा, ताकि सुरक्षा बलों के वाहनों की आवाजाही को रोका जा सके।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनों के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी घायल हुए और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए गांव के स्वयंसेवकों को बाद में सुरक्षा बलों ने रिहा कर दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button