
फरीदाबाद नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 26वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के समर्थन में सेक्टर-3 रेजिडेंट वेलफेयर फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल प्रधान सुभाष लांबा और महासचिव रतनलाल राणा के नेतृत्व में नगर निगम मुख्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने हड़ताली कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री से 13 मई के समझौते को लागू कर हड़ताल समाप्त करवाने की मांग की।
हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुभाष लांबा, रतनलाल राणा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि 26 दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण सेक्टर-3 सहित शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगे हैं और गंदगी फैल रही है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के साथ-साथ कर्मचारियों की समस्याओं का भी समाधान करना चाहिए।









