अंतर्राष्ट्रीय

यूक्रेन का मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा हमला

यूक्रेन की सेना ने रात भर रूस पर 1,000 से अधिक ड्रोन से हमले किए, इनमें 100 ड्रोन रूस की राजधानी मॉस्को को निशाना बनाकर दागे गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला रूस में जारी संसदीय चुनाव के तीसरे और आखिरी दिन हुआ। मॉस्को के महापौर ने इसे रूस की राजधानी को निशाना बनाकर किया गया ‘अब तक का सबसे बड़ा’ हमला बताया है। इस हमले में मॉस्को तेल रिफाइनरी और एक आवासीय इमारत को क्षति पहुंची। स्थानीय गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने बताया कि मॉस्को के आस-पास के इलाके में हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कीव ने इस हमले में कई तरह की मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जिनमें यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो और पेलिकन मिसाइलें भी शामिल हैं। युद्ध के बीच रूस में यह पहला संसदीय चुनाव है जिसके लिए मतदान जारी है। इस चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नीतियों के खिलाफ विपक्ष की मौजूदगी लगभग नहीं के बराबर रही है और इससे ‘क्रेमलिन’ के प्रभुत्व के और मजबूत होने की संभावना है। रूस उन चार यूक्रेनी इलाकों में भी मतदान करवा रहा है जिन पर मॉस्को ने युद्ध शुरू होने के बाद कब्जा कर लिया था लेकिन अब भी उसका उन पर पूरा नियंत्रण नहीं है। साथ ही, क्रीमिया में भी मतदान हो रहा है जो काला सागर का प्रायद्वीप है और जिस पर रूस ने 2014 में कब्जा कर लिया था। कीव ने इस कदम को गैर-कानूनी बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button