बिहारराज्य

इंडिया-नेपाल बॉर्डर पर आधी रात ड्रामा: सिर पर बोरी रखकर घुस रहे थे तस्कर, जवानों ने बोरी खोली तो उड़े होश!

नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी 56वीं वाहिनी एवं पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

इसी अभियान के तहत मंगलवार की देर रात घुरना थाना क्षेत्र में एसएसबी जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 136 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

हालांकि, जवानों को देखते ही तस्कर गांजे से भरी बोरियां मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए नेपाल की ओर भाग निकले।

मंगलवार की देर रात गश्ती के दौरान जवानों की नजर कुछ संदिग्ध लोगों पर पड़ी। बताया गया कि संदिग्ध लोग सिर पर बोरी रखकर सीमा की ओर से भारतीय क्षेत्र में आ रहे थे।

बोरी छोड़कर भाग गए नेपाल

एसएसबी जवानों की गतिविधि पर नजर पड़ते ही तस्कर घबरा गए और बोरी वहीं छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे। जवानों ने तत्काल उनका पीछा किया, लेकिन सीमा क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण तस्कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।

सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप

इसके बाद जवानों ने मौके पर पड़ी बोरियों की तलाशी ली। बोरियों को खोलकर जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बरामद गांजे को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए घुरना थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

‘एफआईआर दर्ज, जल्द होगी गिरफ्तारी’

घुरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बरामद गांजा मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौके से भागे तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, तस्करों की पहचान होने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button