चलती फ्लाइट में को-पायलट ने किया हमला, घायल होकर कैप्टन स्मित मच्छार ने बचाई 174 यात्रियों की जान, CM योगी तारीफ करते नहीं थके!

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की है. कैप्टन मच्छार ने उड़ान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक बड़े हवाई हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि गंभीर खतरे के बीच कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा दिखाया गया साहस और कर्तव्यबोध बेहद सराहनीय है. उन्होंने कहा कि संकट के दौरान गंभीर चोटें लगने के बाद भी कैप्टन मच्छार दृढ़ रहे और विमान में सवार लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सीएम योगी ने उनके साहस को नमन करते हुए प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने, शक्ति और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की.
सीएम योगी ने X पर ये लिखा
घटना के दौरान क्या-क्या हुआ?
यह घटना तब घटी जब 174 लोगों को ले जा रही दुबई से तेल अवीव की एक फ्लाइट के दौरान सह-पायलट (को-पायलट) ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. गंभीर चोटों के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर का मुकाबला करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की. इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने मिलकर हमलावर को काबू में कर लिया. घटना के तुरंत बाद विमान को डाइवर्ट कर सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया. इस साहसिक कदम के लिए इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी 174 लोगों की जान बचाने का श्रेय कैप्टन मच्छार को देते हुए उन्हें एक ‘सच्चा हीरो’ करार दिया था.








