बिहारराज्य

छपरा हवाई अड्डा परिसर में मुजफ्फरपुर के युवक की हत्या, पत्थर से कूचकर ली जान; हिरासत में एक दोस्त

शहर के पुलिस लाइन के समीप स्थित हवाई अड्डा परिसर में सोमवार की देर रात एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई।

मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, खून से सना कपड़ा सहित अन्य सामान बरामद किया है।

मि‍ठाई की दुकान में काम करता था सचिन

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सचिन शहर की एक मिठाई दुकान में काम करता था। उसकी हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि उसके संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।

एक दोस्‍त को पुल‍िस ने ल‍िया ह‍िरासत में

पुलिस ने मृतक के एक दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। उससे घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

जल्द ही घटना का उद्भेदन कर वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button