राज्यहरियाणा

पड़ोस के परिवार को जिंदा जलाने की थी साजिश, आग की चपेट में आकर खुद महिला की हुई मौत

हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-28 स्थित आशियाना कॉम्प्लेक्स में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मकान नंबर-73 में रहने वाली शांति नाम की महिला की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी और उसने सामने रहने वाले जमशेद के परिवार के घर में पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि महिला ने जमशेद के घर के बाहर से कुंडी लगा दी और इसके बाद अंदर पेट्रोल डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान आग भड़क उठी और महिला खुद ही उसकी चपेट में आ गई। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य किसी तरह सुरक्षित बच गए।

 

इलाज के दौरान महिला की हुई मौत

घटना के बाद आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को बचाने का प्रयास किया और उस पर पानी डालकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

जूतों के शोरूम में भीषण आग, 3 शव बरामद 

कुछ महीने पहले, हरियाणा के रोहतक के डी-पार्क स्थित व्यस्त बाजार में एक जूतों के शोरूम में भीषण आग लग गई थी। आग की लपटों ने आस-पास की करीब 10 से 12 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों के जले हुए शव बरामद हुए थे, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलता रहा। मृतकों की पहचान कपिल, अमन और सौरभ के रूप में हुई थी। सौरभ शोरूम का मालिक था, जबकि कपिल और अमन दुकान में काम करते थे।

बताया गया था कि भीषण गर्मी के बीच एसी कंप्रेसर में ब्लास्ट होने के बाद आग लगी थी, जिसने कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। शोरूम में रखे जूते व अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली और आस-पास की दुकानों तक पहुंच गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतक के अलावा अन्य जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई थीं। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button