बिहारराज्य

बिहार से गुजरात के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में भी होगा ठहराव

रेल यात्रियों को जल्द ही एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सुविधा मिलने जा रही है। भारतीय रेलवे ने गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी के बीच नई त्रि-साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी होगा।

त्रि-साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा

नई ट्रेन के परिचालन से समस्तीपुर के यात्रियों को गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सेवा का एक और विकल्प मिलेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नई अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से बरौनी के बीच करीब 2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों को आपस में जोड़ेगी।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

लंबी दूरी की इस ट्रेन के परिचालन से विशेष रूप से रोजगार, व्यवसाय और अन्य कार्यों से गुजरात एवं राजस्थान की ओर जाने वाले बिहार के यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और बरौनी 04:05 बजे पहुंचेगी। भुज से इसका परिचालन सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को किया जाएगा।

ट्रेन की समय सारणी

वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से 23:55 बजे रवाना होगी और भुज 13:15 बजे पहुंचेगी। बरौनी से यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपनी सेवा प्रदान करेगी।

रेलवे ने नई अमृत भारत एक्सप्रेस के मार्ग में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव देने का बड़ा निर्णय लिया है।

इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यह ट्रेन समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर समेत अन्य स्टेशनों पर रुकेगी।

समस्तीपुर में ठहराव मिलने से जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका पूरा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से अहमदाबाद, रतलाम, कोटा सहित पश्चिमी भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा करने वालों के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन उपलब्ध हो जाएगी।

चार राज्यों में बेहतर कनेक्टिविटी

नई ट्रेन का मुख्य उद्देश्य देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल संपर्क को और अधिक मजबूत बनाना है। इसके परिचालन से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल विकल्प प्राप्त होगा।

भुज से बरौनी तक चलने वाली यह ट्रेन रास्ते में कई बड़े शहरों और महत्वपूर्ण रेल जंक्शनों को आपस में जोड़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button