उत्तर प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UP के युवाओं को दी बड़ी सौगात, अगले 6 महीने में 1 लाख लोगों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. सीएम योगी ने नौजवानों से वादा किया है कि सरकार अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रही है. योगी ने कहा है कि उनकी सरकार में बिना किसी भेदभाव और राजनीति के पूरी पारदर्शिता के साथ भर्तियां हो रही हैं, और अब तक साढ़े 9 लाख युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है.

इसके साथ ही, सीएम योगी ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर तीखा हमला किया है. उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछली सरकारों ने भर्ती आयोगों में अपने भाई-भतीजों को बैठाकर पूरी व्यवस्था को भ्रष्ट कर दिया था, जिससे यूपी के युवाओं के सामने पहचान का बड़ा संकट खड़ा हो गया था.

छह महीने में 1 लाख नौकरियां

सीएम योगी ने कहा है कि जब भर्ती बोर्ड और आयोग शासन की राजनीति से दूर रहते हैं, तो नतीजे बिल्कुल साफ और अच्छे दिखाई देते हैं. उन्होंने विरोधियों को जवाब देते हुए कहा कि जो लोग नियुक्तियों पर सवाल उठाते हैं, वे यह आंकड़ा नोट कर लें. यूपी में अब तक साढ़े 9 लाख युवाओं को पूरी ईमानदारी से नौकरी दी जा चुकी है. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए सरकार अगले छह महीने के अंदर एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रही है.

भर्ती में होता था भाई-भतीजावाद

पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि 2017 से पहले कोई भी भर्ती ईमानदारी से नहीं होती थी. तत्कालीन सरकार ने भर्ती बोर्डों में अपने परिवार और करीबियों को बैठाकर पूरी प्रक्रिया को बदनाम कर दिया था. इस भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश का युवा दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर था.

सरकारों की मानसिकता थी बीमार

सीएम योगी ने कहा है कि भ्रष्ट व्यवस्था के कारण ही उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ बना दिया गया था. उन्होंने साफ किया है कि उत्तर प्रदेश कभी बीमार नहीं था, बल्कि पिछली सरकारों के काम करने की नीयत और उनकी मानसिकता बीमार थी. इसी वजह से राज्य का विकास पूरी तरह से रुका हुआ था.

अयोग्य व्यक्ति को बनाया था अध्यक्ष

मुख्यमंत्री ने बताया है कि 2017 से पहले यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन का चेयरमैन एक ऐसे व्यक्ति को बना दिया गया था, जो इस पद के लायक ही नहीं था. जब इस मामले में धांधली पकड़ी गई, तो न्यायालय को भी सख्त टिप्पणी करनी पड़ी थी. कोर्ट ने कहा था कि ऐसे व्यक्ति को जिंदगी भर जेल में सड़ना चाहिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button