
यमुनानगर में मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे पर कैल बाईपास के पास हुए सड़क हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हो गए। चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन की स्विफ्ट डिजायर कार में चार लोग सवार थे। वे चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंची। इसमें सवार तीन एयरफोर्स अधिकारियों को चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।









