यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में अचानक लगी आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत से हड़कंप!

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार-गुरुवार की देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया. रात के सन्नाटे में रफ्तार भर रही एक स्लीपर बस अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए यात्री चलती बस से कूदने लगे. इस भीषण हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई.घटना के वक्त बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे.
आधी रात 32वें किलोमीटर पर काल बनी बस
यह खौफनाक वारदात जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे हुई. बुधवार-गुरुवार देर रात लगभग 11:30 बजे प्राइवेट स्लीपर बस अपने गंतव्य की ओर जा रही थी. अधिकांश यात्री नींद के आगोश में थे. तभी अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं और लपटें उठने लगीं.
शीशे तोड़कर कूदे यात्री
आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. पूरी बस धुएं के गुबार से भर गई, जिससे लोगों का दम घुटने लगा. खुद को बचाने के लिए यात्रियों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़े और नीचे कूदना शुरू कर दिया. इस दौरान कई लोग बुरी तरह चोटिल और झुलस भी गए.
9 लोगों की मौत की जानकारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा के मुताबिक, इस दुखद हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो चुकी है.
आग के कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस
दमकल विभाग की ओर से बस को पूरी तरह ठंडा करने के लिए कूलडाउन प्रक्रिया चलाई जा रही है. बस के ठंडा होने के बाद ही अंदर की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस सुरक्षित बचे यात्रियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों (जैसे शॉर्ट सर्किट या गैस लीक) की जांच में जुटी है









