राजस्थान निकाय चुनाव में BSP की 19 सीटों पर जीत, मायावती बोलीं- ‘गड़बड़ी न होती तो आता और बेहतर रिजल्ट’

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 19 पार्षदों को जीत दिलाकर राज्य में अपनी मौजूदगी मजबूत की है. इस प्रदर्शन पर बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी के राजस्थान के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी. हालांकि, उन्होंने चुनाव परिणामों को लेकर सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी का आरोप भी लगाया. मायावती ने दावा किया कि दोबारा गिनती के दौरान कई बसपा उम्मीदवारों को बहुत कम वोटों के अंतर से जबरन हरा हुआ घोषित कर दिया गया. उनका कहना है कि ऐसा नहीं होता तो राजस्थान में पार्टी का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता था.
मायावती ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की. उन्होंने कहा कि राजस्थान में बसपा ने इस बार 19 सीटों पर अपने पार्षद जिताकर भेजे हैं. मायावती ने पार्टी के छोटे-बड़े सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं. उनके मुताबिक, चुनाव में पार्टी ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपना प्रदर्शन दर्ज कराया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने की अपील की.
सरकारी मशीनरी पर उठाए सवाल
बसपा प्रमुख ने चुनाव परिणामों में कथित गड़बड़ी को लेकर गंभीर आरोप लगाए. मायावती ने कहा ‘काफी उम्मीदवार सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी की वजह से दोबारा गिनती में ज़बरदस्ती थोड़े-थोड़े वोटों के अन्तर से हरा दिये गये हैं, वरना पार्टी का यहाँ और भी अच्छा रिज़ल्ट आ सकता था.’ यानी उनका दावा है कि दोबारा मतगणना के दौरान कुछ बसपा उम्मीदवारों को मामूली वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा. मायावती ने इसे पार्टी के बेहतर प्रदर्शन में बाधा बताया है. हालांकि, ये आरोप मायावती की ओर से लगाए गए हैं.
दूसरे राज्यों के निकाय चुनावों का भी किया जिक्र
मायावती ने राजस्थान के साथ पंजाब और देश के कुछ अन्य राज्यों में हाल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन राज्यों में बसपा का प्रदर्शन पहले के मुकाबले बेहतर रहा है और वहां के पार्टी कार्यकर्ता तथा स्थानीय पदाधिकारी भी बधाई के पात्र हैं. मायावती ने लिखा, ‘हालाँकि इससे पहले पंजाब सहित देश के कुछ और राज्यों में भी जो स्थानीय निकाय के चुनाव हुये हैं, तो वहाँ भी पार्टी का पहले से अच्छा नतीजा आया है और वे भी बधाई के पात्र हैं.’ उन्होंने उम्मीद जताई कि इन नतीजों से कार्यकर्ताओं को आगे और मजबूती से काम करने की प्रेरणा मिलेगी. मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों और देश में होने वाले लोकसभा आम चुनाव में बेहतर परिणाम लाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की.









