राज्यपाल ने रवाना किए नेपाल के लिए राहत के ट्रक, पासिंग के फेर में चंडीगढ़ में ही फंसे

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पंजाब रेड क्रॉस की ओर से भेजी गई राहत सामग्री के तीन ट्रक प्रशासनिक अड़चन के चलते अभी तक नेपाल के लिए रवाना नहीं हो पाए हैं। इनमें से एक ट्रक की पासिंग नहीं होने के कारण तीनों ट्रक मनीमाजरा में खड़े हैं। खास बात यह है कि इन ट्रकों को मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल एवं पंजाब रेड क्रॉस के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
राहत सामग्री से लदे ट्रकों में से एक के चालक सुभाष ने बताया कि उसकी गाड़ी की पासिंग नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “रेड क्रॉस की ओर से जो सामान नेपाल के लिए आया है, मेरी गाड़ी पास नहीं हो रही। मैं कैसे जाऊंगा नेपाल।” चालक के मुताबिक उत्तर प्रदेश में वाहनों की जांच को लेकर नियम काफी सख्त हैं और बिना पासिंग के आगे जाने पर चालान हो सकता है।









