
रेवाड़ी में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतने और उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए। सोमवार को वे रामपुरा स्थित अपने निवास पर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरपंचों से भी कहा कि उनका दायित्व है कि गांवों में विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करवाएं और किसी प्रकार की कोताही न बरतें।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि रेवाड़ी के गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में जल्द ही एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना बताते हुए कहा कि एम्स के पूरी तरह विकसित होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह संस्थान रेवाड़ी सहित आसपास के क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।









