
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबाला शहर की सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई अभियान के दूसरे धरने में शहर के अधूरे पड़े विकास प्रोजेक्टों और बदहाल सड़कों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सवाल किया कि आखिर जनता के करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अंबाला शहर के विकास प्रोजेक्ट वर्षों से अधूरे क्यों पड़े हैं।
धरने पर पहुंचे अंबाला शहर विधायक निर्मल सिंह ने कहा कि शहर की जनता से जुड़े अधूरे प्रोजेक्टों और मूलभूत समस्याओं को वह लगातार विधानसभा में उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में जब भी विकास कार्यों और अधूरे प्रोजेक्टों को लेकर सरकार से सवाल किया जाता है तो सरकार के मंत्री बार-बार यह जवाब देते हैं कि हरियाणा सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर फंड की कमी नहीं है तो फिर अंबाला शहर के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट वर्षों से अधूरे क्यों पड़े हैं।








