
जम्मू शहर के दिल में स्थित ऐतिहासिक परेड सब्जी मंडी अब कीचड़, तंग गलियों और अव्यवस्था से मुक्त होकर पूरी तरह आधुनिक स्वरूप लेने जा रही है। जम्मू नगर निगम ने 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले इस बहुप्रतीक्षित नवीनीकरण प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
रविवार को निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने मौके का दौरा कर काम शुरू करवाया। यहां पहुंचने पर मंडी के दुकानदारों ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें मंडी के अंदर की स्थिति दिखाई। उन्हाेंने कहा कि यहां काम करने वालों का हित चाहती है।
इससे पहले अगस्त माह में सब्जी मंडी में दुकानें तोड़ी गई थीं जिसके बाद दुकानदारों ने प्रदर्शन किए। अब मामला सुलझाते हुए काम को शुरू किया गया है।
दो बार विरोध के कारण लटकी थी परियोजना
परेड मंडी के पुनर्विकास की राह आसान नहीं रही है। इससे पहले वर्ष 2022 और वर्ष 2024 में भी इस परियोजना को धरातल पर उतारने की कोशिश की गई थी, लेकिन कारोबार ठप होने की आशंका के चलते स्थानीय व्यापारियों के कड़े विरोध के कारण यह योजना लटक गई थी।
अब 2026 में प्रशासन ने व्यापारियों की रोजी-रोटी की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष रणनीति के तहत काम शुरू किया है, जिससे निर्माण के दौरान भी व्यापार बाधित न हो।
चरणबद्ध निर्माण और एक साथ खुदाई पर रोक
निगम आयुक्त ने ठेकेदार और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि पूरी मंडी में एक साथ खुदाई न की जाए। काम को सुचारु रखने के लिए पहले एक ढांचा पूरा किया जाएगा, उसके बाद ही अगला काम हाथ में लिया जाएगा।
तय योजना के अनुसार, सबसे पहले मंडी के पिछले हिस्से में 20 पक्की दुकानें बनाई जाएंगी। इसके बाद मुख्य प्रवेश द्वार की तरफ 4 आधुनिक दुकानों का निर्माण होगा।
व्यापारियों और ग्राहकों को सुविधा
बीच के हिस्से में वेंडरों के लिए बनने वाले प्लेटफार्म का काम भी आधा-आधा करके पूरा किया जाएगा, ताकि विक्रेता बचे हुए आधे हिस्से में अपना काम जारी रख सकें। इस प्लेटफार्म को दो हिस्सों में बांटा जाएगा, जिसके बीच में ग्राहकों की सुगम आवाजाही के लिए एक चौड़ा और साफ रास्ता रहेगा।
मंडी में जलभराव और गंदगी की पुरानी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सभी नालियों पर लोहे की मजबूत ग्रेटिंग लगाई जाएगी, जिससे सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और खरीदारी का अनुभव सुविधाजनक बनेगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
माडल परेड सब्जी मंडी बनाने जा रहे हैं। पहले मंडी के पीछे की ओर 20 दुकानें बनाएंगे। फिर सामने की तरफ 4 दुकानें बनाई जाएंगी। उसके बाद प्लेटफार्म का काम दो हिस्सों में पूरा करें। ध्यान रखा जाएगा कि दुकानदारों, फड़ी वालों को कोई परेशानी न हो। करीब आठ महीनों में काम पूरा कर लिया जाएगा।









