राज्यहरियाणा

हरियाणा में वन विभाग के रिटायर्ड अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या, सामने आई मर्डर की वजह

हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में दिनदहाड़े वन विभाग के रिटायर्ड आरएफओ जयपाल राठी की पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात अगवानपुर रोड पर एसटीपी के पास हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि साइड को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने जयपाल राठी के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, जयपाल राठी अपनी कार से निजी काम के सिलसिले में गन्नौर जा रहे थे। अगवानपुर रोड पर एसटीपी के पास साइड को लेकर उनका एक व्यक्ति से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया। सिर में चोट लगने के बाद जयपाल राठी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनीपत के गांव माहरा निवासी रवि के रूप में हुई है, जो फिलहाल गन्नौर में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गन्नौर थाना प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि पुलिस को लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जयपाल राठी घायल अवस्था में मिले। मामले की जांच के बाद आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती जांच में साइड को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

जिम के बाहर व्यक्ति की गोली मारकर हत्या 

इससे पहले यमुनानगर में बृहस्पतिवार को अज्ञात हमलावरों ने एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार हमलावरों ने मॉडल टाउन इलाके में स्थित जिम से बाहर निकलते समय प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह (62 वर्ष) पर गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने बताया कि सिंह को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिछले महीने रोहतक में एक युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। युवती का शव होटल में मिला था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button