अरब सागर में भारतीय नौसेना के युद्धपोत से टकराया पाकिस्तानी जहाज विदेश मंत्रालय ने शीर्ष राजनयिक को तलब किया

विदेश मंत्रालय ने समुद्र में पाकिस्तानी नौसेना इकाइयों के ‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण’ पर कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए बुधवार को नई दिल्ली में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक को तलब किया।
पाकिस्तान की नौसेना का जहाज मंगलवार को समुद्र में भारतीय नौसेना के युद्धपोत से टकरा गया।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी नौसेना का यह पोत अरब सागर के उत्तरी हिस्से में नियमित निगरानी मिशन पर निकले भारतीय नौसेना के युद्धपोत पर तेज गति से पहुंच गया।
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तानी नौसेना का जहाज तेज गति से चल रहा था और वह गैर-पेशेवर और असुरक्षित तरीके से काम कर रहा था। इससे टक्कर हो गई। किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि उसने नई दिल्ली में पाकिस्तान के लिए उच्चायोग के कार्यवाहक राजदूत को तलब किया है और उनके समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
विदेश मंत्रालय ने इस घटना को समुद्र में पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों का अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण करार दिया, जिसके कारण भारतीय नौसेना की एक इकाई से टक्कर हो गई।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में हुई और इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इसमें कहा गया है कि पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का आचरण भारत और पाकिस्तान के बीच अप्रैल 1991 के समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी कार्यवाहक राजदूत को सलाह दी गई है कि वह पाकिस्तान में संबंधित अधिकारियों को इस बात से अवगत कराएं कि सभी सैन्य इकाइयों को उचित सावधानी बरतने और दोनों देशों के बीच प्रासंगिक समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस्लामाबाद में भारत के प्रभारी राजदूत को भी निर्देश दिया गया है कि वह पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराएं।









