बिहारराज्य

आज छपरा के मांझी पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

सरयू नदी के तट पर बसे मांझी में आज गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर रामघाट से लेकर दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री रामघाट में अटल वाटिका, यज्ञशाला और जीविका रसोई का निरीक्षण करेंगे। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार बुधवार की देर रात तक तैयारियों का जायजा लेते रहे।

हेलीपैड से रामघाट तक का कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:40 बजे हेलीकॉप्टर से दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से 12:55 बजे रामघाट के लिए रवाना होंगे और पांच मिनट बाद वहां पहुंचेंगे। रामघाट परिसर में अटल वाटिका, यज्ञशाला और जीविका रसोई का अवलोकन करेंगे। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

दोपहर 1:10 बजे मंच पर पहुंचेंगे। यहां राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, अतिथियों का स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन होगा। इसके बाद विधायक, सांसद और मंत्री संबोधित करेंगे। दोपहर 1:35 बजे हेलीकाप्टर से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।

सुरक्षा से लेकर यातायात तक पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी ने बुधवार को रामघाट तथा दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया।

रामघाट पर अटल वाटिका, मंदिर परिसर, यज्ञशाला, चारदीवारी, बैरिकेडिंग, घाट की सीढ़ियों, नदी की सफाई, मंच और बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। जीविका के मां सरयू कैफे और रसोई की व्यवस्था भी देखी।

विद्यालय परिसर में हेलीपैड निर्माण और अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रवेश-निकास मार्ग, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। सभी को समय पर अपने निर्धारित स्थल पर पहुंचने और कार्यक्रम समाप्त होने तक जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का जोर कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button