आठवें स्थान से खुश नहीं… हॉकी कप्तान हरमनप्रीत ने टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बताई, विश्व कप से भारत को मिला बड़ा सबक

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने विश्व कप में अभियान के समापन के बाद कहा कि आठवें स्थान पर रहने से वह खुश नहीं है लेकिन पूरे टूर्नामेंट में डिफेंस में उनकी टीम को अच्छा सबक मिला है और आगे इसमें सुधार करना होगा। सह मेजबान बेल्जियम से आखिरी मैच में पेनल्टी शूटआउट में 3 -4 से हारने के बाद भारतीय टीम आठवें स्थान पर रही। पूर्व चैम्पियन बेल्जियम ने आखिरी मिनट तक 3 -2 से बढत बना ली थी लेकिन हूटर से 26 सेकंड पहले हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके मैच को पेनल्टी शूटआउट तक खींच दिया जिसमें बेल्जियम ने बाजी मारी।
हरमनप्रीत ने कहा, ” दोनों टीमें ही इस पोजिशन के लिये खेलना नहीं चाहती थी और दोनों की स्थिति एक सी थी लेकिन दुनिया की शीर्ष टीम के खिलाफ उसके दर्शकों के सामने खेलना और एक टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करना बड़ी बात है। हमने अब तक पूरे साठ मिनट अच्छे प्रदर्शन की बात की थी जो आज देखने को मिली। हम प्रदर्शन से खुश हैं लेकिन आठवें स्थान से नहीं लेकिन यह सफर है और अब हमारा अगला लक्ष्य एशियाई खेल है। उसमें स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करना चाहते हैं।”









