
‘सिटी ब्यूटीफुल’ चंडीगढ़ में मंगलवार को चर्चित ‘पेट्रोल लंगर’ उस समय अव्यवस्था में बदल गया, जब भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग सेक्टर-10 स्थित निर्धारित पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। पेट्रोल या कूपन का वितरण शुरू नहीं होने और भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ गई। आखिरकार पेट्रोल पंप को बंद करना पड़ा और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया।
यह पेट्रोल लंगर अमृतसर के सामाजिक कार्यकर्ता राकेश त्रेहन, जिन्हें ‘राजा दी किंग’ के नाम से भी जाना जाता है, की ओर से घोषित किया गया था। सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा के बाद चंडीगढ़ के अलावा आसपास के इलाकों से भी लोग अपने वाहनों के साथ पेट्रोल लेने पहुंच गए।
मंगलवार को चंडीगढ़ में तेज बारिश हो रही थी, इसके बावजूद पेट्रोल लेने के लिए पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि आयोजकों और पेट्रोल पंप संचालकों को ईंधन वितरण रोकना पड़ा। कई लोग बारिश में घंटों इंतजार करने के बाद बिना पेट्रोल लिए वापस लौट गए।









