राष्ट्रीय

चंबा में निजी बस पलटने से 7 यात्रियों की मौत, 11 घायल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह पहाड़ी मार्ग पर एक निजी बस पलटकर नीचे की सड़क पर जा गिरी, जिससे सात यात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी। चलुंज मोड़ के पास सुबह करीब सवा सात बजे हादसा हुआ।चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि यात्रियों की चीखें सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अलावा एनडीआरएफ, होम गार्ड, फायर सर्विस की टीमें भी बचाव अभियान के लिए पहुंचीं। मरने वालों की पहचान जगदेव (50), देश राज (35), जाहदेही (24), हरदेही (43), नीलम (34), ड्राइवर रूप सिंह (35) और कंडक्टर तेज सिंह (39) के तौर पर हुई है। ये सभी चंबा जिले के चुराह इलाके के रहने वाले थे।

घायलों में करण सिंह, सुष्मिता, पानो देवी, धनी, धर्मो देवी और विजय कुमार के अलावा पांच नाबालिग- प्रियंका, हर्षा, काव्या, अप्रित, नेहा शामिल हैं।

घायलों में से छह को गंभीर चोटें आईं हैं, जिन्हें चंबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने कहा कि हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हादसे में लोगों की मौत पर गहर शोक व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button