राष्ट्रीय
नशामुक्त हरियाणा का संदेश लेकर नारनौल में दौड़े युवा, CM सैनी ने दिखाई ‘यूथ मैराथन’ को हरी झंडी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नारनौल में आयोजित ‘यूथ मैराथन’ को हरी झंडी दिखाई। नशामुक्ति और युवाओं को खेलों से जोड़ने के संदेश के साथ आयोजित इस मैराथन में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी प्रदेश की जनता और युवा सुबह-सुबह हाथ में तिरंगा लेकर दौड़ने निकल पड़ें तो समझ लेना चाहिए कि वह प्रदेश केवल विकास की दिशा में ही नहीं, बल्कि जागरूकता, राष्ट्रभक्ति और उज्ज्वल भविष्य की ओर भी दौड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई मुझसे पूछे कि विकसित भारत की सबसे सुंदर तस्वीर कैसी होगी, तो मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि जब युवाओं के हाथ में तिरंगा, जीवन में खेल और नशामुक्त भारत का संकल्प हो, तो यही विकसित भारत की तस्वीर है। आज नारनौल में वही तस्वीर दिखाई दे रही है।’’









