अंतर्राष्ट्रीय
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बस और वैन की टक्कर में 12 लोगों की मौत

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के उथाल के पास शुक्रवार को एक यात्री बस और वैन की टक्कर में तीन महिलाओं सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उथल जीरो प्वाइंट पर राजमार्ग पर हुई टक्कर में कई अन्य यात्री घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
इंस्पेक्टर आफताब मलिक ने कहा, ”दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार यात्री बस उथल जीरो प्वाइंट पर विपरीत दिशा से आ रही एक वैन से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि बस ग्वादर से कराची जा रही थी, जबकि वैन कराची से लासबेला जा रही थी।
मलिक ने बताया कि घायलों को निकालने और दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कराने के लिए बचाव अभियान जारी है।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।









