उत्तर प्रदेशराज्य

बलरामपुर में सड़क हादसा… दुर्गा पूजा का वीडियो देख रहे थे लोग, तभी बेकाबू कार ने 7 को रौंदा, 3 की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी. हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने फरार होने की कोशिश कर रहे कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

वीडियो देख रहे थे लोग, तभी हुआ हादसा

यह घटना बलरामपुर जिले के चिरगहियान बेलहा गांव की है. शनिवार को गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर ग्रामीण और श्रद्धालु पर्दे पर वीडियो देख रहे थे. इसी दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई. कार की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव की कार्रवाई शुरू की गई.

तीन लोगों को मृत घोषित किया गया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पटेश्वरी (50) के रूप में हुई है. तीनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

दो को बहराइच किया गया रेफर

इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में छेदी राम (45) और डब्लू (35) की हालत ज्यादा गंभीर बताई गई है. उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच के एक अस्पताल में रेफर कर दिया. अन्य घायलों का भी उपचार जारी है. पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए. हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी.

बैरिकेडिंग कर पकड़ा गया ड्राइवर

सिटी पुलिस ऑफिसर अभिषेक सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चरनगहिया बेलहा गांव में लोग सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देखने के लिए जमा हुए थे. इसी दौरान अंधेरे के बीच गुजर रही कार ने लोगों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग गया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इलाके को घेर लिया और वाहन को पकड़ लिया. चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button