बिहारराज्य

बिहार: औरंगाबाद में मुंबई से घर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, पिता-बेटा समेत 3 की मौत

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की अहले सुबह तेज रफ्तार स्कार्पियो और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी

मृतकों में आठ वर्षीय मासूम समेत उसके पिता और नाना शामिल हैं। हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों में भगवान दास के पुत्र नीतीश चौहान, उनकी बहन तथा राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी शामिल हैं। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।

मुंबई से लौट रहा था परिवार, बनारस से पकड़ी थी स्कॉर्पियो

जानकारी के अनुसार राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वह पत्नी किरण कुमारी और बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस के जरिए बनारस पहुंचे थे। वहां से नवादा स्थित अपने गांव जाने के लिए उन्होंने अपने साले नीतीश चौहान और ससुर भगवान दास के साथ स्कॉर्पियो से यात्रा शुरू की थी। परिवार के सभी छह सदस्य घर पहुंचने की उम्मीद में सफर कर रहे थे, लेकिन औरंगाबाद में हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, दो की मौके पर मौत

बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह स्कार्पियो रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कार्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे में भगवान दास और मासूम रितेश की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य में जुटे।

इलाज के दौरान राजकुमार ने भी तोड़ा दम

घटना की सूचना पर एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।

अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का इलाज शुरू किया, लेकिन राजकुमार चौहान की हालत लगातार गंभीर बनी रही। आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।

परिजनों की चीत्कार से गमगीन हुआ अस्पताल परिसर

हादसे की सूचना मिलते ही नवादा से मृतकों के परिजन औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। अपनों की मौत और तीन अन्य की गंभीर स्थिति देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। मासूम रितेश की मौत से अस्पताल में मौजूद हर व्यक्ति स्तब्ध रह गया।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में देर तक चीख-पुकार और मातम पसरा रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button