बिहारराज्य

बिहार के बगहा में छापामारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, पत्थरबाजी कर शराब तस्कर को छुड़ाया; 5 पुलिसकर्मी घायल

बगहा पुलिस जिला के नौरंगिया थाना में दर्ज शराब बरामदगी के मामले में अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। हमले में बुधवार की रात थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस अभिरक्षा में लिया गया अभियुक्त छुड़ा लिया गया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नौरंगिया थाना में दर्ज कांड संख्या 89/26 के शराब बरामदगी के नामजद अभियुक्त नौरंगिया गांव निवासी भूलन बीन और नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष राज रौशन के नेतृत्व में पुलिस टीम छापामारी करने गई थी।

15 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया

पुलिस ने मौके से अभियुक्त नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया था। इसी दौरान अभियुक्त के स्वजन अशोक बीन सहित करीब 15 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और जबरन पुलिस के कब्जे से नागेंद्र बीन को छुड़ा लिया।

छुड़ाने के क्रम में पुलिस टीम के साथ हाथापाई और रोड़े-बाजी की गई, जिसमें थानाध्यक्ष राज रौशन सहित पांच पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। इन लोगों का इलाज हरनाटांड़ पीएचसी में कराया गया।

फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

बता दें कि 20 सितंबर की रात मामले के आरोपी यूपी से शराब लेकर आ रहा था, नौरंगिया पुलिस टीम की जांच अभियान देख आरोपी शराब फेंक कर भाग गया। पुलिस ने लगभग 26 लीटर शराब बरामद की थी। मामले में भूलन बीन और नागेंद्र बीन को अभियुक्त बनाया था।

घटना की सूचना मिलते ही बगहा एसडीपीओ निहार भूषण के निर्देश पर कई थानों की पुलिस ने गांव में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। बगहा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से फरार अभियुक्त नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button