यूपी में आज 40+ जिलों में होगी बारिश, सहारनपुर से देवरिया तक IMD का नया अपडेट

उत्तर प्रदेश में दो दिनों की भारी बारिश के बाद हर तरफ पानी ही पानी दिख रहा है. कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं, तो कहीं पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है. इस भारी बारिश के बाद मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट बड़ी खुशखबरी लेकर आई है. आज 28 सितंबर को प्रदेश में भारी बारिश की उम्मीद नहीं है. मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आई है.
पश्चिमी यूपी में कम होगी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए मौसम को लेकर बड़ी राहत की खबर है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, 28 सितंबर को इस इलाके में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है. पूरे पश्चिमी यूपी में आज मौसम विभाग की तरफ से कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, इस इलाके में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें जरूर पड़ सकती हैं.
पूर्वी यूपी में भी मिली राहत
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी आज भारी बारिश से पूरी तरह राहत मिलने वाली है. 28 सितंबर को पूर्वी यूपी के किसी भी हिस्से के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी (अलर्ट) जारी नहीं की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इस इलाके में भी सिर्फ छिटपुट (कहीं-कहीं) स्थानों पर ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
तापमान में होगी भारी बढ़ोतरी
बारिश का दौर थमने के साथ ही अब राज्य में फिर से गर्मी का अहसास बढ़ने लगेगा. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों के दौरान दिन के अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके साथ ही, रात के न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखने को मिलेगी.
आने वाले दिनों का मौसम
अगर आने वाले दिनों की बात करें तो 29 सितंबर को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश जारी रहेगी. 30 सितंबर को पश्चिमी यूपी का मौसम एकदम सूखा रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. इसके बाद 1, 2 और 3 अक्टूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ और सूखा रहने का अनुमान है.









