खेल

रहमत शाह आईसीसी पुरुष टेस्ट खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले पहले अफगान बन गए हैं।

नयी दिल्ली, 11 नवंबर (भाषा) अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी पुरुष खिलाड़ियों की रैंकिंग में किसी भी श्रेणी में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले अपने देश के पहले क्रिकेटर बनकर इतिहास रच दिया है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ अफगानिस्तान की दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में 173 रन बनाने के बाद रहमत टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में छह पायदान चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। 33 वर्षीय ने पारी के बाद करियर की उच्च रेटिंग भी हासिल की।

यह दाएं हाथ के बल्लेबाज का पांचवां और इस साल का दूसरा टेस्ट शतक है। रहमत ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम और श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस सहित कई प्रमुख बल्लेबाजों को पछाड़कर पहली बार शीर्ष 10 में अपनी जगह पक्की की।

इस उपलब्धि से अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए एक सफल अवधि जुड़ गई है, जो इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला जीतने के बाद आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गया था।

जिम्बाब्वे के अनुभवी क्रेग एर्विन ने भी टेस्ट बल्लेबाज रैंकिंग में महत्वपूर्ण प्रगति की, जो ड्रा शारजाह टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद दोहरा शतक बनाने के बाद नौ स्थान ऊपर चढ़कर 48वें स्थान पर पहुंच गए।

इस बीच, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप श्रृंखला के समापन से कई खिलाड़ियों को फायदा हुआ। वेस्टइंडीज के कावेम हॉज 12 स्थान के फायदे से 52वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि बांग्लादेश के तौहीद हृदोय शीर्ष 100 से 60वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज आमिर जांगू भी 28 स्थान के फायदे से 62वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

वेस्टइंडीज के स्पिनर जोमेल वारिकन ने टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है और वह 11 पायदान के फायदे से 19वें स्थान की बराबरी पर पहुंच गए हैं। वह टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी चार स्थान के फायदे से 31वें स्थान पर पहुंच गए।

उनके साथी जस्टिन ग्रीव्स एक स्थान के फायदे से टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में आठवें स्थान की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मौजूदा सीरीज के पहले दो मैचों के बाद वनडे रैंकिंग में भी उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं जिसमें तीन भारतीय गेंदबाजों को फायदा हुआ है।

भारत के ऑलराउंडर अक्षर पटेल दूसरे वनडे मैच में 28 रन देकर दो विकेट लेने के बाद वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में 23 पायदान चढ़कर 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ऑकलैंड में सीरीज के पहले मैच में चार विकेट चटकाने के बाद 11 पायदान के फायदे से 31वें स्थान की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष 100 से बाहर से 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी और काइल जैमीसन ने भी अपनी स्थिति में सुधार किया। डफी आठ स्थान चढ़कर 43वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि जेमीसन 24 स्थान के फायदे से 60वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button