
Jagbir Singh Brar Joins BJP: पंजाब में 1 जून को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। लेकिन इससे पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। जालंधर कैंट के पूर्व विधायक और आप नेता जगबीर सिंह बराड़ अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बराड़ ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। बराड़ के साथ उनके कई समर्थक भी बीजेपी में शामिल हुए।
पिछले कई दिनों से जगबीर सिंह बराड़ का रुख आम आदमी पार्टी के विपरीत देखा जा रहा था। बताया जाता है कि, बराड़ आम आदमी पार्टी में दरकिनार किए जाने के चलते नाराज चल रहे थे। ज्ञात रहे कि, जगबीर सिंह बराड़ करीब एक साल पहले ही शिरोमणि अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। जगबीर सिंह बराड़ पेशे से एडवोकेट भी हैं और हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते रहे हैं।
बीजेपी में शामिल होकर क्या बोले जगबीर सिंह बराड़?
बीजेपी में शामिल होने के बाद जगबीर सिंह बराड़ ने पार्टी हाईकमान के नेताओं को धन्यवाद जताया। वहीं जगबीर सिंह बराड़ ने कहा कि पीएम मोदी की नीतियां मुझे प्रभावित करती रही हैं। करतारपुर साहब कॉरीडोर खोलना हमारे लिए बड़ी बात है। बराड़ ने कहा कि पंजाब में डबल इंजन की सरकार की बहुत जरूरत है ताकि पंजाब को नशामुक्त बनाकर रोजगार बढ़ाया जा सके।









